Wednesday ,12th March 2025

डिग्री नहीं दिखाएंगे!

राजेंद्र शर्मा    
दिल्ली यूनिवर्सिटी वालों की बात हमें तो बिल्कुल सही लगी। डिग्री नहीं दिखाएंगे। और क्यों दिखाएं पीएम की डिग्री? किसी को मतलब क्या है पीएम की डिग्री से? और कम से कम हर किसी ऐरे-गैरे नत्थू खैरे को तो पीएम की डिग्री नहीं दिखा सकते। मामूली कागज नहीं, पीएम की डिग्री है। देखना चाहने वाले की औकात भी तो देखनी चाहिए। हां! अदालत को ताक-झांक का इतना ही शौक हो, तो उसे तो फिर भी दिखा सकते हैं, चाहे बंद लिफाफे में ही दिखाना पड़े। पर पब्लिक को नहीं दिखाएंगे। कोई दिखाने की मांग करेगा, तब तो हर्गिज नहीं।

हम तो कहेंगे कि अदालत को इस पर भी विचार करना चाहिए कि डिग्री दिखाने की मांग करने वाले हैं कौन? क्या ये वही लोग नहीं हैं, जो साल-दो साल पहले ही, ‘‘कागज नहीं दिखाएंगे’’ के नारे लगा रहे थे, ‘‘हम कागज नहीं दिखाएंगे’’ के गीत गा रहे थे। और वह भी सिर्फ इसलिए कि मोदी जी-शाह जी ने कागज दिखाने के लिए कहा था? उनकी डिमांड एकदम सिंपल थी। भारत में गर रहना होगा, पर्चा-कागज दिखलाना होगा! पर भाई लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। जगह-जगह शाहीनबाग खड़े कर दिए। संविधान के नाम से, अंबेडकर के नाम से, गांधी के नाम से, आंदोलन खड़े कर दिए। नारा बस एक -- कागज नहीं दिखाएंगे! और वही लोग अब कागज दिखाने की मांग कर रहे हैं। और किसी ऐसे-वैसे के नहीं, पीएम के कागज दिखाने की मांग कर रहे हैं। विश्व गुरु की डिग्री दिखाने की मांग कर रहे हैं। जरा सोचिए, बाकी दुनिया वाले क्या सोचते होंगे? कहांं विश्व गुरु और कहां डिग्री दिखाने की मांग। और यह भी कि खुद इंडिया वालों को विश्व गुरु की डिग्री पर विश्वास नहीं है! मोदी जी की डिग्री देखने की मांग करना, एंटीनेशनल नहीं, तो और क्या है? हमेें तो हैरानी है कि देश के सोलिसिटर जनरल को इसके लिए सजा की मांग करने तक पहुंचने में इतना टैम लग गया। खैर! देर आयद दुरुस्त आयद, सबसे बड़े सरकारी वकील ने मांग तो की कि डिग्री दिखाने की मांग करने वालों को, सजा मिलनी चाहिए। यह तो विश्व गुरु का आसन हिलाना हुआ।

और ये डिग्री दिखाने की मांग करने वाले खुद को समझ क्या रहे हैं? मोदी जी को नौकरी दे रहे हैं क्या? उनके पास पहले ही नौकरी है, अच्छी भी और पक्की भी। डिग्री तो नहीं दिखाएंगे!

Comments 0

Comment Now


Total Hits : 303178