Sunday ,8th September 2024

अबकी बार चार सौ उस पार!

राजेंद्र शर्मा

 

देखा, मोदी जी ने गलत नहीं कहा था। अब की बार‚ चार सौ पार! देख लीजिए‚ हो रहा है न इंग्लैंड में चार सौ पार। हिन्दुस्तान में न सही‚ इंग्लैंड में ही सही‚ मोदी जी का कहा सच तो साबित हो रहा है ; हिन्दुस्तानी कनेक्शन वाले ऋषि सुनक का न सही‚ लेबर पार्टी वालों का ही सही, चार सौ पार तो हो रहा है। राम जी झूठ न बुलाएं‚ मोदी जी ने तो कभी नहीं कहा था कि सागर के इस पार चार सौ पार। सिर्फ चार सौ पार कहा था‚ सो‚ सात समंदर पार सही‚ पर चार सौ पार करवा तो दिया। नॉन-बायोलॉजीकल गलत नहीं हुआ करते!

पर बालक बुद्धि राहुलों को यह कोई कैसे समझाएॽ एक ही रट लगा रखी है – चार सौ पार तो क्या, तीन सौ भी पार नहीं हुए ; मोदी के रथ के पहिए‚ दो सौ चालीस की गिनती पर ही धंस गए। होगा‚ हिन्दुस्तान में दो सौ चालीस भी पार नहीं हुआ होगा‚ पर उससे क्याॽ रथ के पहिए दो सौ चालीस की गिनती पर धंस गए होंगे‚ पर उन्हें दलदल से निकालने का मोदी जी ने पहले ही इंतजाम जो कर रखा था‚ उस चाणक्यत्व का क्याॽ रथ के पहिए फंसते ही नायडू और नीतीश ने जैक लगा दिया और रथ के पहियों को दलदल से ऊपर उठा दिया कि नहींॽ मोदी जी को तीसरी बार‚ पीएम की गद्दी पर बैठा दिया कि नहीं। पिछले महीने ही इटली का चक्कर मार आने के बाद‚ मोदी जी अब रूस और ऑस्ट्रिया का चक्कर मारने जा रहे हैं कि नहीं। फिर मोदी जी को निशाना बनाकर तीन सौ भी पार नहीं होने की तानाकशी क्योंॽ मोदी जी की बात तो सच हुई है ; दिल्ली में न सही‚ लंदन में सही, अब की बार चार सौ पार हो तो रहा है। 

रही बात दिल्ली की तो – आया तो मोदी ही‚ यही तो कहा भी था। और हां! राहुलों वाली बालक बुद्धि का संबंध किस्से–कहानियों वाले बालक से कोई नहीं जोड़े‚ जिसने अहंकारी राजा से डरने से इंकार कर दिया था ; अदृश्य पोशाक में इतराते राजा को‚ भरे बाजार में नंगा कर दिया था! किस्से का बालक अगर बालक बुद्धि हुआ तो‚ राजा की बुद्धि को क्या कहेंगे! खैर! यह भी कोई न भूले कि राजा नंगा साबित हो गया‚ फिर भी राजा रहा तो राजा ही।

Comments 0

Comment Now


Total Hits : 289308